प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली में प्रख्यात जैन संत आचार्य विद्यानन्द जी महाराज की 100वीं जंयती समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विशेष स्मारक सिक्का और डाक टिकट भी जारी किया गया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि महान जैन संत ने युवाओं को भारतीय संस्कृति के साथ जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसके साथ ही एक वर्ष तक चलने वाले राष्ट्रीय श्रद्धांजलि समारोह की औपचारिक शुरूआत हो गई है। इस कार्यक्रम का आयोजन केंद्र सरकार द्वारा भगवान महावीर अहिंसा भारती ट्रस्ट के सहयोग से किया जा रहा है। आचार्य विद्यानन्द जी महाराज प्रतिष्ठित जैन आध्यात्मिक गुरू और समाज सुधारक थे। इस दौरान देशभर में सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।
इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आचार्य जी के जीवन और विरासत के संदेश का प्रसार करना है। उन्होंने जैन-दर्शन और नैतिकता पर 50 से अधिक रचनाएँ लिखीं। उन्होंने पूरे देश में प्राचीन जैन मंदिरों के जीर्णोद्धार और पुनरुद्धार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही शिक्षा, विशेष रूप से प्राकृत, जैन दर्शन और शास्त्रीय भाषाओं के लिए भी काम किया।