नई दिल्ली में चल रही विश्व दूरसंचार मानकीकरण सभा (डब्ल्यूटीएसए) में भारत के उम्मीदवारों को अंतर्राष्ट्रीय दूरसंचार संघ के मानकीकरण क्षेत्र के सभी 10 अध्ययन समूहों में नेतृत्व पदों पर चुना गया। अध्ययन समूहों में परिचालन संबंधी पहलू, आर्थिक और नीतिगत मुद्दे, सुरक्षा, भविष्य के नेटवर्क आदि शामिल हैं।
भारत ने एक समूह में अपना अध्यक्ष पद बरकरार रखा है और अन्य सभी नौ अध्ययन समूहों में उपाध्यक्ष पद हासिल किया है। अंतर्राष्ट्रीय दूरसंचार संघ की विश्व दूरसंचार मानकीकरण सभा वर्तमान में नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित की जा रही है। इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अक्टूबर को किया था और यह 24 अक्टूबर तक चलेगा।
यह पहली बार है कि डब्ल्यूटीएसए एशिया-प्रशांत क्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है। यह अगले चार वर्षों के लिए दूरसंचार संघ की मानकीकरण गतिविधियों और इसके काम की दिशा तय करेगा। इस वर्ष के सभा में 160 से अधिक देशों के 3700 से अधिक प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।