रोमानिया और बुल्गारिया कल आधिकारिक रूप से यूरोपीय संघ के शेंजेन क्षेत्र में शामिल हो गए। इससे अन्य सदस्य देशों के साथ उनका भूमि सीमा नियंत्रण समाप्त हो गया है। इससे नागरिकों को पासपोर्ट जाँच के बिना आने जाने की सुविधा मिल जायेगी।
ऑस्ट्रिया ने 2022 में रोमानिया और बुल्गारिया के इस क्षेत्र में प्रवेश पर वीटो लगा दिया था, लेकिन पिछले वर्ष हवाई और समुद्री सीमाओं से नियंत्रण हटने तथा पिछले महीने ऑस्ट्रिया के वीटो हटाने के बाद यूरोपीय संघ ने दोनों देशों पर सीमा नियंत्रण समाप्त करने का फैसला किया।
शेंजेन क्षेत्र में 29 यूरोपीय देश शामिल हैं जिनके बीच आंतरिक सीमा नियंत्रण नहीं है। 1995 में स्थापित यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिये एक ही देश माना जाता है, जिसमें एकीकृत बाहरी सीमा नियंत्रण और साझा वीज़ा नीतियाँ लागू हैं।