राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सांसदों ने कल दो भाजपा सांसदों के घायल होने की घटना को लेकर आज संसद भवन परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने डॉक्टर बीआर अंबेडकर का अपमान किया है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता अनुराग सिंह ठाकुर, राधामोहन सिंह, अनिल बलूनी और अन्य मौजूद थे। भाजपा महासचिव अरूण सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को नगालैंड के सांसद फांगनोन कोनयाक के साथ कथित दुर्व्यवहार के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में इस तरह की घटना पहले कभी नहीं हुई।
भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी का कल का व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है।
डॉक्टर भीमराव अंबेडकर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की कथित टिप्पणी को लेकर विपक्षी दल के सांसदों ने भी संसद भवन में विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और इंडिया गठबधंन के अन्य सांसद मौजूद थे।
संसद के बाहर मीडिया से बातचीत में प्रियंका गांधी ने कहा कि डॉक्टर अम्बेडकर का कथित अपमान देश में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार अडानी मामले पर चर्चा करने से डरती है। राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी के बारे में उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार की हताशा को दर्शाता है। उन्होंने कल की घटना पर राहुल गांधी का बचाव भी किया जिसमें भाजपा के दो सांसद घायल हो गए थे।