गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि पिछले दो दिनों में 258 युद्ध-प्रशिक्षित वामपंथी उग्रवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ दिया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आज एक सौ 70 और कल 27 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में कल 61 नक्सली मुख्य धारा में लौटे हैं।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पिछले वर्ष छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में आने के बाद दो हजार से अधिक नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है और लगभग एक हजार आठ सौ नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में चार सौ 50 से अधिक नक्सलियों का सफाया किया गया है।
गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सलियों के हिंसा को छोड़ने और देश के संविधान में विश्वास जताने संबंधी उनके निर्णय की सराहना की है। नक्सलवाद के विरुद्ध लड़ाई में इसे एक ऐतिहासिक दिन बताते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ और उत्तर बस्तर कभी उग्रवाद के गढ़ माने जाते थे लेकिन अब ये क्षेत्र नक्सलवाद से मुक्त घोषित कर दिए गए हैं।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आत्मसमर्पण करने की इच्छा रखने वाले नक्सलियों का स्वागत है और जो नक्सली अभी भी बंदूक का सहारा लेना जारी रखेंगे उन्हें भारतीय बलों के आक्रोश का सामना करना होगा। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नक्सलवाद अंतिम सांस ले रहा है। ये आंकड़े अगले वर्ष 31 मार्च से पहले नक्सलवाद को समाप्त करने के सरकार के संकल्प का परिचायक है। गृहमंत्री ने अभी भी नक्सलवाद की राह पर चल रहे लोगों से हथियार डालने और मुख्य धारा में शामिल होने का आग्रह किया।