जनवरी 7, 2026 9:53 अपराह्न

printer

दोहा में दो दिवसीय ‘भारत उत्सव 2026’ का आयोजन किया जाएगा

दोहा में दो दिवसीय भारत उत्सव 2026″ का आयोजन किया जाएगा। यह भारत की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाने वाला उत्सव है। कतर में भारतीय दूतावास के सहयोग से भारतीय सांस्‍कृतिक केन्‍द्र 22 और 23 जनवरी 2026 को शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक आइडियल इंडियन स्कूल ग्राउंड में साल के सबसे बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों में से एक पेश करने की तैयारी कर रहा है।
 
 
इस उत्सव में जाने-माने भारतीय पार्श्व गायक श्रीनिवास और उनकी टीम का लाइव म्यूजिकल कॉन्सर्ट होगा। इनके गायन में सदाबहार धुनों के साथ-साथ आज के पसंदीदा गानों का मिश्रण सुनने को मिलेगा। 22 जनवरी को आई सी सी के स्टार सिंगर ग्रैंड फिनाले होगा। दिसंबर 2025 के पहले सप्ताह में शुरू हुई यह प्रतियोगिता कतर में भारतीय समुदाय के बीच संगीत प्रतिभा को पहचानने और उसका जश्न मनाने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। फाइनल राउंड का मूल्‍यांकन जाने-माने गायक श्रीनिवासन दुरईस्वामी सहित एक प्रतिष्ठित पैनल करेगा।
 
 
आयोजकों ने कहा कि इस उत्सव का उद्देश्य भारत-कतर मित्रता को बढ़ावा देना और भारतीय संस्कृति की व्यापक प्रदर्शनी के माध्यम से भारतीय प्रवासी समुदाय के बीच संबंधों को मजबूत करना है। कार्यक्रम में लाइव ऑर्केस्ट्रा परफॉर्मेंस, इंस्ट्रुमेंटल फ्यूजन, ग्रुप डांस और एक फ्यूजन डांस प्रस्तुति होगी। इसमें केरल के तिरुवथिरा, तमिलनाडु के अट्टम, तेलुगु नृत्य रूपों और गुजरात के पारंपरिक गरबा का मिश्रण होगा।
 
 
यह घोषणा एक संवाददाता में की गई। इसमें कतर में भारतीय राजदूत विपुल, डॉ. वैभव ए तांडले, काउंसलर और दूतावास में चांसरी और कांसुलर के प्रमुख, आई सी सी के अध्यक्ष ए पी मणिकांतन, आई सी सी के सलाहकार परिषद के अध्यक्ष पी एन बाबू राजन, उपाध्यक्ष शांतनु देशपांडे और भारत उत्सव प्रायोजन समिति के अध्यक्ष वी एस मन्नांगी शामिल थे।
 
 
इस कार्यक्रम में भारत के विभिन्न क्षेत्रों की पारंपरिक वेशभूषा, संगीत और लोक कला को दर्शाने वाली एक सांस्कृतिक परेड भी शामिल होगी। साथ ही विभिन्न भारतीय राज्यों का प्रतिनिधित्व करने वाले सांस्कृतिक मंडप भी होंगे। एक समर्पित मंडप में भारत की केंद्र और राज्य सरकारों की सामाजिक सेवा योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। दर्शक भारतीय हस्तशिल्प, पारंपरिक वस्त्र और आभूषण वाले एक बाज़ार का भी आनंद ले सकते हैं। साथ ही विभिन्न प्रकार के भारतीय व्यंजनों वाला एक फ़ूड कोर्ट होगा।
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला