अप्रैल 29, 2025 10:22 पूर्वाह्न

printer

देहरादून में 87 प्रतिशत सरकारी कार्मिकों का यूसीसी पोर्टल पर पंजीकरण पूरा

देहरादून में सरकारी विभागों में कार्यरत कार्मिकों का यूसीसी पोर्टल पर विवाह और अन्य सेवाओं के पंजीकरण कार्य की प्रगति को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने वर्चुअल माध्यम से समीक्षा बैठक ली। उन्होंने सभी विभागीय नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी कार्मिकों का विवाह और अन्य सेवाओं का शत प्रतिशत पंजीकरण कार्य जल्द पूरा कराया जाए। बैठक में बताया गया कि देहरादून जिले में अब तक 87 प्रतिशत सरकारी कार्मिकों का पंजीकरण कार्य संपन्न हो चुका है।
लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और विद्युत विभाग में कार्मिकों के पंजीकरण कार्य की धीमी प्रगति तथा संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों द्वारा समीक्षा बैठक में प्रतिभाग न करने पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित नोडल अधिकारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। उन्होंने निर्देश दिए कि शेष कार्मिकों का पंजीकरण शीघ्र कराया जाए और जिन कार्मिकों का पंजीकरण नहीं होगा, उनके वेतन आहरण पर रोक लगाई जाएगी।