मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज विश्व पर्यटन दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के पर्यटकों को अपनी ओर लुभा रहा है। बीते साल 46 करोड़ से अधिक पर्यटक उत्तर प्रदेश आए। यूपी धार्मिक, आध्यात्मिक, हेरिटेज और ईको टूरिज्म का हब बन चुका है।
वहीं, झांसी में विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर पर्यटन संभावनाओं को बढ़ावा देने के साथ ही देश-विदेश के सैलानियों को बुंदेलखंड के गौरवशाली सांस्कृतिक, ऐतिहासिक विरासत और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान से परिचित कराने के लिए प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने किया। इस दौरान चित्रकूट के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये मोबाइल ऐप भी लांच किया गया। कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि बुंदेलखंड के विकास के लिए विभिन्न परियोजनाएं चल रही हैं।
विश्व पर्यटन दिवस पर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। ताजनगरी आगरा में पर्यटन उद्योग से जुड़े होटल और रेस्टोरेंट स्वामियों ने विचार गोष्ठी के साथ ही कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वहीं काशी में वाराणसी टूरिज्म गिल्ड ने पर्यटन पद यात्रा का आयोजन किया। इस पद यात्रा में पर्यटन से जुड़े एक हजार लोग शामिल हुए। चित्रकूट में आज उच्च प्राथमिक विद्यालय खोह और कछार पुरवा के 200 बच्चों को रामायण दर्शन शो निशुल्क दिखाया गया।