हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि देश हित को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर ही विकास के मार्ग को प्रशस्त किया जा सकता है। कुलदीप सिंह पठानिया आज देश की स्वतन्त्रता की 78वीं वर्षगांठ पर सोलन ज़िला के एतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित ज़िला स्तरीय स्वतन्त्रता दिवस समारोह को मुख्यातिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे।
कुलदीप सिंह पठानिया ने इससे पूर्व शहीद स्मारक पर कृतज्ञ प्रदेशवासियों एवं ज़िलावासियों की ओर से देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीरों को भावभीनी श्रद्धाजंलि अर्पित की।
मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी ने भी इस अवसर पर सभी की ओर से असंख्य वीरों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
विधानसभा अध्यक्ष ने तदोपरांत ठोडो मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड का निरीक्षण किया तथा सलामी ली। पुलिस उप निरीक्षक आशीष कौशल ने परेड का नेतृत्व किया।
कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सुदृढ़ देश एवं प्रदेश जन-जन के विकास का आधार है। उन्होंने कहा कि देश को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करने का हम सभी को संकल्प लेना होगा। देश हित में ही स्व हित निहित है और देश एवं प्रदेश के विकास के लिए सभी को संकल्पित होकर कार्य करना होगा।विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि देश और प्रदेश ने स्वतन्त्रता के उपरांत चहुमुंखी प्रगति की है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ अनेक चुनौतियां भी हमारे समक्ष हैं।
उन्होंने कहा कि हम सभी को बाधाओं से पार पाकर आगे बढ़ना है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि देश की एकता और अखण्डता को मज़बूत करें। चुनौतियों पर विजय प्राप्त करने के लिए चिंतन एवं मनन के साथ-साथ कार्य करना ज़रूरी है।कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि गत 78 वर्षों में जहां हमारा देश विकास के नए सोपानों को प्राप्त कर विकसित देशों की श्रेणी में पहुंच रहा है वहीं हिमाचल प्रदेश ने इस अवधि में देश के समक्ष विकास के आदर्श स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि आज देश को औद्योगिक विकास और आधारभूत अधोसंरचना की मज़बूती के लिए जाना जाता है। श्वेत क्रांति और हरित क्रांति ने ग्रामीण स्तर पर जन-जन की आर्थिकी को सम्बल प्रदान किया है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल के विकास में सभी का योगदान है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में गुणात्मक सुधार कर लोगों के जीवन में आशातीत बदलाव के लिए कार्यरत है। अनेक नवीन योजनाओं के माध्यम से प्रदेश की स्थिति में सुधार लाया जा रहा है।
उन्होंने आशा जताई कि प्रदेशवासी असंख्य वीरों के बलिदान को स्मरण रखते हुए भावी पीढ़ियों की भलाई के लिए कार्य करते रहेंगे। कुलदीप सिंह पठानिया ने युवाओं से आग्रह किया कि नशे से दूर रहें और प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए सहयोग दें। विधानसभा अध्यक्ष ने इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित भी किया।इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।