भारत ने पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति के मद्देनजर ईरान से ऊर्जा और माल के निर्बाध आवागमन के महत्व पर प्रकाश डाला है। नई दिल्ली में कल पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर अंतर-मंत्रालय संवाददाता सम्मेलन में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन से बातचीत में ईरान सहित इस क्षेत्र में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भारत की प्राथमिकता पर बल दिया।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पश्चिम में भारतीय ध्वज वाले 24 जहाज मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व में भारतीय ध्वज वाले तीन जहाज मौजूद हैं।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि भारत पेट्रोल और डीजल उत्पादन में आत्मनिर्भर है। उन्होंने कहा कि सभी तेल शोधन कारखाने पूरी क्षमता के साथ काम कर रहे हैं और कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार है। आगे बताया कि घरेलू पीएनजी और वाहनों के लिए सीएनजी की आपूर्ति बिना किसी कटौती के हो रही है। सचिव ने यह भी कहा कि 25 हजार एलपीजी वितरकों के पास एलपीजी की कोई कमी नहीं है और प्रतिदिन 50 लाख सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं।
सूचना और प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव सेंथिल राजन ने लोगों से एलपीजी की बुकिंग केवल आधिकारिक माध्यमों से करने की अपील की है और ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने को कहा है।