देश में आज सामान्य तिथि से नौ दिन पहले ही मानसून आ गया है। झारखंड, ओडिशा, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, गोवा, गुजरात और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले सात दिनों के दौरान तेज और मूसलाधार वर्षा की संभावना है।
आकाशवाणी समाचार से बातचीत में मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के सभी हिस्सों में पंहुच गया है। उन्होंने कहा कि मानसून की स्थिति अच्छी है और मध्य भारत में, जिसमें गांगेय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और उत्तर-पश्चिम भारत शामिल हैं, बहुत अच्छी वर्षा की उम्मीद है। डॉ. महापात्र ने बताया कि अगले दो दिनों में मध्य भारत और उत्तर-पश्चिम भारत में तेज और मूसलाधार वर्षा की संभावना है।
श्री महापात्र ने यह भी बताया कि मानसून राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी दस्तक दे चुका है। उन्होंने कहा कि आने वाले दो दिनों में शहर में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।