विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि देश में अब आवश्यकता से अधिक बिजली उपलब्ध है। आज नई दिल्ली में ऊर्जा दक्षता ब्यूरो के 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में बिजली की मांग बढ़ने की संभावना है और इसकी आपूर्ति के लिए भारत को अगले चार-पांच वर्ष में 30 गीगावाट अतिरिक्त बिजली उत्पादन क्षमता की आवश्यकता होगी।
श्री लाल ने बताया कि ऊर्जा दक्षता ब्यूरो ने अपनी ऊर्जा संरक्षण पहलों के माध्यम से 50 हजार करोड़ रुपये की बिजली बचाने में मदद की है और देश को स्वच्छ और हरित ऊर्जा की ओर बढ़ने में मदद मिली है।
श्री मनोहर लाल ने कहा कि वर्ष 2005 से 2020 के बीच ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में 35 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है और देश 50 प्रतिशत के लक्ष्य की ओर अग्रसर है।
विद्युत मंत्री ने बी.ई.ई. स्टार लेबल मोबाइल ऐप का शुभारंभ और नए बीईई@25 लोगो का अनावरण भी किया।