गृह मंत्री अमित शाह ने इस बात पर बल दिया है कि देश के वैश्विक महाशक्ति के रूप में उभरने के लिए आत्मनिर्भरता अत्यंत महत्वपूर्ण है। श्री शाह ने आज जोधपुर में मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित माहेश्वरी समुदाय के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि स्वदेशी उत्पादों के उपयोग से देश आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनेगा। उन्होंने मातृभाषा को बढ़ावा देने के महत्व पर भी बल दिया। गृह मंत्री ने कहा कि युवाओं को अन्य भाषाएँ भी सीखनी और बोलनी चाहिए, लेकिन उन्हें अपनी मातृभाषा कभी नहीं भूलनी चाहिए।
कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी उपस्थित थे।बाद में, श्री शाह जयपुर स्थित राजस्थान पुलिस अकादमी में कांस्टेबल नियुक्ति समारोह में भाग लेंगे, जहां दस हजार नव नियुक्त पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।