जनवरी 10, 2026 2:15 अपराह्न | Union minister Mansukh Mandaviya

printer

देश के भविष्य को आकार देने में युवाओं की अहम भूमिका: केन्द्रीय मंत्री मनसुख मांडविया

युवा कार्य और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने आज कहा कि देश के भविष्य को आकार देने में युवाओं की अहम भूमिका है। नई दिल्ली में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए श्री मांडविया ने कहा कि यह संवाद युवा नेतृत्व को प्रौद्योगिकी, उद्यमिता, शासन, सतत और सामाजिक विकास जैसे क्षेत्रों के समाधान के लिए प्रोत्साहित करेगा।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि यह डायलॉग 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं की प्रतिभा और रचनात्मकता को पहचानने की एक प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि देश की जनसंख्या इसकी सबसे बड़ी ताकत है और साहसिक विचारों तथा नवाचार के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाकर एक विकसित राष्ट्र का निर्माण करना होगा। यंग लीडर्स डायलॉग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्री मांडविया ने कहा कि यह मंच राष्ट्र निर्माण में युवाओं को सक्रियता से शामिल करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने युवाओं से भविष्य में विकसित भारत का नेतृत्व करने के लिए निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का आह्वान किया। वैश्विक संघर्षों के बारे में श्री डोभाल ने कहा कि कोई भी राष्ट्र तभी स्वतंत्र रह सकता है जब वह विदेशी शक्तियों की  इच्छा का विरोध करने में सक्षम हो। उन्होंने कहा कि सशक्त नेतृत्व ही उच्च मनोबल पैदा कर सकता है, इसके बिना सभी हथियार और संसाधन बेकार हैं। कार्यक्रम का समापन 12 जनवरी को होगा।