देश के उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हिस्से में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग देश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी कर रहा है। विभाग ने बताया कि पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, पश्चिम-उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में अगले दो से तीन दिन तक भीषण गर्मी जारी रहने की संभावना है। कल पश्चिमी राजस्थान के फलोदी में अधिकतम तापमान 49 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस बीच मौसम विभाग ने केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, कोंकण, गोवा तथा विदर्भ में अगले दो दिन तक तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। दिल्ली में भी भीषण गर्मी की स्थिति बनी रहेगी। राजधानी में आज का न्यूनतम तापमान 31 डिग्री और अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने की संभावना है।