मई 23, 2024 8:02 पूर्वाह्न

printer

देश के उत्तरी और मध्यवर्ती राज्यों में अगले कुछ दिन तक भीषण गर्मी जारी रहने की आशंका, कई राज्यों में रेड अलर्ट घोषित

देश के उत्तरी और मध्यवर्ती राज्यों में अगले कुछ दिन तक भीषण गर्मी जारी रहने की आशंका है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में अगले तीन-चार दिन के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। विदर्भ और महाराष्ट्र में भी अगले तीन-चार दिन तक भीषण गर्मी की संभावना है। असम में कल तक उमस की स्थिति बनी रहेगी। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में आज तेज बारिश का अनुमान है।

इस बीच, दक्षिण-पश्चिम मानसून बंगाल की खाड़ी के दक्षिण में, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ और हिस्सों तथा अंडमान सागर में आगे बढ़ गया है।

दिल्लीवासियों को कल भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली। लेकिन राजधानी में आज फिर गर्म हवाएं चलने का अनुमान है। दिल्ली में तापमान 32 से 44 डिग्री के बीच रहेगा।