जनवरी 7, 2026 11:06 पूर्वाह्न

printer

देश की 50 हजार स्वास्थ्य सुविधाओं को एनक्यूएएस प्रमाणन मिला

सरकार ने कहा है कि देश में कुल 50 हजार स्वास्थ्य सुविधाओं को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक-एन.क्‍यू.ए.एस. प्रमाणन प्राप्त हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि गुणवत्ता, सुरक्षा और रोगी-केंद्रित देखभाल के प्रति राष्ट्रीय प्रतिबद्धता को मजबूत करती है, जिससे भारत सभी के लिए समान और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवा के लक्ष्य के करीब पहुंचेगा।

 

एन.क्‍यू.ए.एस. को सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की विशिष्ट आवश्यकताओं के साथ-साथ वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। मंत्रालय ने सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत प्रदान की जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उसे बढ़ाने के उद्देश्य से जून 2024 में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानकों को लागू किया था।

 

प्रारंभ में, इन मानकों को जिला अस्पतालों के लिए लागू किया गया था, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के माध्यम से प्रदान की जाने वाली सेवाएं सुरक्षित, रोगी-केंद्रित और गुणवत्तापूर्ण हों। बाद में इन मानकों का विस्‍तार उप-जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिर-शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक कर दिया गया।