अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा है कि देश का सैन्य बजट वर्ष 2027 में बढ़ाकर 1.5 ट्रिलियन डॉलर किया जाना चाहिए। देश का मौजूदा रक्षा बजट एक ट्रिलियन डॉलर है। सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप ने यह बात सांसदों, सचिवों और अन्य राजनीतिक प्रतिनिधियों के साथ हुई लंबी बातचीत के बाद कही। ट्रंप ने कहा कि अमरीका इस वृद्धि से ऐसी सेना बना सकेगा जिससे अमरीका की सुरक्षा तय हो पाएगी। उन्होंने इसे ड्रीम मिलिट्री करार दिया।
अमरीकी राष्ट्रपति ने कहा कि शुल्क बढ़ाने से अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है। इससे अधिक खर्च संभव हो पाया। उन्होंने दावा किया कि इससे अब अमरीका के पास न केवल अपना कर्ज़ चुकाने की क्षमता आई है, बल्कि एक बेजोड़ सैन्य शक्ति बनाने की भी क्षमता प्राप्त हुई है।
इससे पहले, अंडर सेक्रेटरी ऑफ़ डिफेंस (कंट्रोलर) ने 2026 की बजट ब्रीफिंग में कहा था कि प्रस्तावित बजट ट्रंप के ताकत के ज़रिए शांति बहाल करने के वादे को पूरा करेगा। इस अवसर पर प्राथमिकताओं की रूपरेखा बताई गई थी। इनमें प्रतिरोधक क्षमता फिर से हासिल करना और सेना का पुनर्निर्माण शामिल है।