आज पूरे देश में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जा रहा है। प्रति वर्ष 28 फरवरी को महान भौतिक विज्ञानी, सर सी वी रमन द्वारा रमन प्रभाव की खोज के उपलक्ष्य में यह दिन मनाया जाता है। उन्हें इस महत्वपूर्ण खोज के लिए वर्ष 1930 में नोबल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर आज देश में विभिन्न विषयों पर आधारित वैज्ञानिक संचार से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी आज राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के कार्यक्रम में भाग लेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए श्री मोदी ने कहा कि जिज्ञासा विज्ञान की जननी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि विज्ञान और ज्ञान मिलकर हर समस्या के समाधान का द्वार खोलते हैं। उन्होंने सभी से विज्ञान और नवाचार को लोकप्रिय बनाने और विकसित भारत के निर्माण के लिए विज्ञान का लाभ उठाने का आग्रह किया।