रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि केवल तीन वर्ष में ही वंदे भारत रेल सेवा सभी राज्यों में उपलब्ध है। लोकसभा में आज एक प्रश्न के उत्तर में श्री वैष्णव ने बताया कि फिलहाल देशभर में 144 वंदे भारत रेलगाडि़यां चल रही हैं। उन्होंने कहा कि इस रेलगाड़ी की संचालन प्रतिक्रिया काफी उत्साहजनक है और इसलिए राज्यों से ऐसी रेलगाडियों की और अधिक मांग आ रही है।
श्री वैष्णव ने कहा कि सरकार मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्ष में सामान्य श्रेणी कोच की संख्या में वृद्धि हुई है। श्री वैष्णव ने कहा कि रेलगाडियों में कुल 82 हजार कोच में से 70 प्रतिशत सामान्य और गैर-वातानुकूलित है।