मई 8, 2026 4:53 अपराह्न

printer

देशभर में घरेलू एलपीजी की सुचारू आपूर्ति जारी, कमी की कोई रिपोर्ट नहीं: पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय

सरकार ने कहा है कि देश भर में घरेलू एलपीजी की सुचारू आपूर्ति जारी है और किसी भी वितरक पर आपूर्ति में कमी की कोई रिपोर्ट नहीं है। नई दिल्ली में आज पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की कमी का सामना न करना पड़े और कीमतें स्थिर बनी रहें। सुश्री शर्मा ने कहा कि सरकार ने प्रवासी श्रमिकों के लिए पांच किलोग्राम के सिलेंडरों की आपूर्ति भी बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि देश भर में वाणिज्यिक आपूर्ति लगभग 70 प्रतिशत तक बहाल हो गई है।

   

सुश्री सुजाता शर्मा ने बताया कि मार्च से अब तक 6 लाख से अधिक पीएनजी कनेक्शन चालू किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि देश में कहीं भी पेट्रोल या डीजल की कमी नहीं है। जनता से घबराकर खरीदारी न करने की अपील की गई है।

   

पत्तन, पोतपरिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के निदेशक ओपेश कुमार शर्मा ने कहा कि सरकार सभी भारतीय नाविकों के कल्याण और निर्बाध समुद्री संचालन के लिए सभी हितधारकों के साथ निरंतर संपर्क में है। उन्होंने बताया कि खाड़ी क्षेत्र में भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में किसी भी भारतीय ध्वज वाले जहाज से जुड़ी कोई घटना दर्ज नहीं की गई है।

   

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सरकार के खाड़ी देशों से संपर्क के प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कल संयुक्त अरब अमीरात का आधिकारिक दौरा किया। उन्‍होंने कहा कि इससे पहले विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल भी संयुक्त अरब अमीरात का दौरा कर चुके हैं।