लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार चरम पर है। इस चरण में 13 राज्यों की 88 सीटों पर 26 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। इस चरण में प्रदेश की 6 सीटों टीकमगढ़, दमोह, खजुराहों, सतना, रीवा और होशंगाबाद में भी वोट डाले जाएंगे। इन क्षेत्रों में प्रचार अभियान बुधवार को थम जाएगा।
दूसरी ओर प्रदेश में जारी लोकसभा चुनाव में मत प्रतिशत बढ़ाने के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियां जारी हैं। नर्मदापुरम जिले में स्वीप गतिविधियों के तहत मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में अभियान के दौरान पूरे दमदम ग्राम में रैली निकालकर मतदाताओं को जागरूक किया गया। देवास में मतदाता जागरुकता अभियान के तहत आज वृद्धा आश्रम बसेरा में वृद्ध जनों द्वारा नींबू रेस, चेयर रेस का आयोजन किया गया।
मतदाता जागरूकता अभियान में 85 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजनों का सम्मान किया गया। साथ ही मतदान करने की अपील की एवं मतदान की शपथ दिलाई गई। नीमच में दिव्यांगजनों को मतदान करने की शपथ दिलाई गई, यहां मूकबधिर दिव्यांगजनों से सांकेतिक भाषा में मतदान करने की अपील की गई।