अगस्त 6, 2025 8:41 पूर्वाह्न

printer

दूरदर्शन का प्रयास क्षेत्रीय भाषाओं को बढ़ावा देना और सांस्‍कृतिक रूप से समृद्ध पारिवारिक कार्यक्रमों का निर्माण करना है: प्रसार भारती के अध्‍यक्ष नवनीत कुमार सहगल

प्रसार भारती के अध्‍यक्ष नवनीत कुमार सहगल ने कहा है कि दूरदर्शन का प्रयास क्षेत्रीय भाषाओं को बढ़ावा देना और सांस्‍कृतिक रूप से समृद्ध पारिवारिक कार्यक्रमों का निर्माण करना है। जालंधर में कल शाम दूरदर्शन पंजाबी के रजत जयंती समारोह का उद्घाटन करने के बाद उन्‍होंने कहा कि उन्‍हें यह जानकर प्रसन्‍नता हुई है कि दूरदर्शन नेटवर्क के सभी क्षेत्रीय चैनलों में पंजाबी चैनल शीर्ष पर है और साथ ही साथ वह दर्शकों को साथ लेकर पंजाबी संस्‍कृति को भी बढ़ावा दे रहा है। उन्‍होंने कहा कि एक समय था जब केवल दूरदर्शन दर्शकों के लिए उपलब्‍ध था, जबकि आज बड़ी संख्‍या में टीवी चैनल है। इ‍सलिए अब दूरदर्शन को अपने साथ विेशेष रूप से युवा पीढ़ी सहित अधिक दर्शकों को जोड़ने और दिलचस्‍प सामग्री प्रदान करके उन्‍हें अपने साथ बनाए रखने की आवश्‍यकता है।

 

प्रसार भारती के अध्यक्ष ने बताया कि दूरदर्शन के पास अब वेव्स ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म भी है जिसे विश्‍व में कहीं भी मोबाइल फ़ोन पर देखा जा सकता है। इसमें पुराने और नए कार्यक्रमों का मेल है। इस अवसर पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम, ‘जश्न दी रात’ का भी आयोजन किया गया, जिसमें फ़िल्म जगत के जाने-माने कलाकारों और गायकों ने प्रस्तुति दी।