अक्टूबर 27, 2025 12:56 अपराह्न

printer

दुबई में ‘एमिरेट्स लव्स इंडिया’ उत्सव के साथ मनाई गई भारतीय परंपराओं की दिवाली

संयुक्‍त अरब अमीरात और भारत की मित्रता का जश्‍न मनाने वाले ऐमिरेट्स लव्‍स इंडिया उत्‍सव का कल दुबई में आयोजन किया गया। घर जैसी दिवाली विषय के अंतर्गत आयोजित उत्‍सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, क्षेत्रीय व्यंजनों और एकता के संदेश के साथ दिवाली मनाई गई। इस आयोजन में भारतीय परम्‍पराओं और संयुक्‍त अरब अमीरात के आतिथ्‍य का मिश्रण देखने को मिला। संयुक्‍त अरब अमीरात की मीडिया के अनुसार इसमें 10,000 से अधिक लोगों ने हिस्‍सा लिया और यह देश में अपनी तरह का पहला आयोजन है। 

अबुधाबी में भारत के मिशन उप प्रमुख ए० अमरनाथ ने कहा कि दुनियाभर के समुदायों और संस्कृतियों के संगम का प्रतिनिधित्व करने वाले दुबई में भारतीय त्‍यौहार मनाना सौभाग्य की बात है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि, संयुक्‍त अरब अमीरात की राज्यमंत्री नूरा अल काबी ने कहा कि आज हम दुनिया की सबसे पुरानी मित्रता में से एक का जश्‍न मना रहे हैं। यह बंधन दोनों देशों के बीच सहयोग और आपसी विश्वास को बढ़ावा दे रहा है।