सहोदय स्कूल का पहला अंतर्राष्ट्रीय और 31वाँ वार्षिक सम्मेलन आज ग्रैंड हयात दुबई में शुरू हुआ। दो दिवसीय इस कार्यक्रम में दुनिया भर के सीबीएसई-संबद्ध संस्थानों के एक हजार से अधिक स्कूल प्रमुखों, शिक्षकों और हितधारकों को एक मंच पर आने का अवसर मिला। इसका उद्देश्य सहयोग बढ़ाना, नवीन पद्धतियों को साझा करना और नई शिक्षा नीति 2020 के माध्यम से समग्र शिक्षा की पुनर्कल्पना करना है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने सम्मेलन का आयोजन किया।
दुबई में भारत के महावाणिज्य दूत सतीश कुमार सिवन ने उदघाटन अवसर पर अपने संबोधन में खाड़ी क्षेत्र में शिक्षा के प्रति भारत की गहरी प्रतिबद्धता का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात में 106 सीबीएसई स्कूल संचालित हैं। खाड़ी क्षेत्र में 213 स्कूल लगभग ढाई लाख छात्रों को शिक्षा प्रदान करते हैं।
सीबीएसई अध्यक्ष राहुल सिंह ने सीबीएसई परिवार में खाड़ी क्षेत्र के विशेष स्थान का उल्लेख करते हुए कहा कि ये स्कूल संस्कृतियों के बीच एक सेतु हैं, जो वैश्विक विविधता को अपनाते हुए भारतीय शिक्षा के लोकाचार को आगे बढ़ाते हैं।