जनवरी 10, 2026 9:11 अपराह्न

printer

दुबई में आईबीपीसी ने एक सांस्कृतिक और विचार-विमर्श संध्या का आयोजन किया

दुबई में भारतीय व्यापार और व्यावसायिक परिषद-आईबीपीसी ने भारतीय वाणिज्य दूतावास के सहयोग से विश्व हिंदी दिवस और प्रवासी भारतीय दिवस के उपलक्ष्य में एक सांस्कृतिक और विचार-विमर्श संध्या का आयोजन किया। कार्यक्रम में प्रवासी भारतीय समुदाय के सदस्य, व्यापारिक नेता और सांस्कृतिक हस्तियां शामिल हुईं।

    इस कार्यक्रम में प्रवासी भारतीय पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। इसमें आईबीपीसी के अध्यक्ष सिद्धार्थ बालाचंद्रन और सामुदायिक नेता वासु श्रॉफ उपस्थित रहें। यह आयोजन भारतीय व्यावसायिक उत्कृष्टता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के वैश्विक केंद्र के रूप में दुबई की भूमिका को दर्शाता है।

    अपने संबोधन में बालाचंद्रन ने संयुक्त अरब अमीरात में विश्व हिंदी दिवस और प्रवासी भारतीय दिवस को मनाने के महत्व का उल्‍लेख किया और देश में भारतीय समुदाय की व्यापकता और विविधता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय सभी क्षेत्रीय भाषाओं को समझें और उनकी सराहना करें, साथ ही अमीरात में अरबी भाषा के साथ भाषाई संबंध बनाकर सांस्कृतिक सहअस्तित्व को मजबूत करें।

    आईबीपीसी दुबई के उपाध्यक्ष सुनील सिन्हा ने समुदायों को जोड़ने और विरासत को संरक्षित करने में भाषा की भूमिका पर बल दिया। भारत के महावाणिज्य दूतावास के अधिकारी सुनील कुमार ने भाषाई और सांस्कृतिक परंपराओं की रक्षा में युवा पीढ़ी की अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित किया। आईबीपीसी दुबई के महासचिव डॉ. साहित्य चतुर्वेदी ने संस्कृत में भाषण दिया और भाषाओं के संवर्धन और संरक्षण में योगदान देने के लिए अपनी व्यक्तिगत प्रेरणा साझा की।

    सांस्कृतिक कार्यक्रम में आईबीपीसी सदस्यों द्वारा कविता पाठ और कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया।