दीमापुर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सचिव चंदू कुमार अग्रवाल ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की दरों में हाल ही में की गई कटौती के लिए केंद्र सरकार की सराहना की है और इसे विभिन्न क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी राहत बताया है।
चंदू कुमार अग्रवाल ने कहा कि जीएसटी दरों में कटौती से अंतिम उपभोक्ताओं तक पहुंची है। इसमें विशेष रूप से आवश्यक वस्तुओं और निर्माण सामग्री के क्षेत्र में काफी लाभ हुआ है। उन्होंने कहा कि सीमेंट की दरों में कटौती से प्रति बैग लगभग 50 रुपये की कमी आई है। यह निर्माण कार्य करने वाले उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी राहत है।
उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों और पोषण उत्पादों में कटौती से बहुत लाभ हुआ है क्योंकि ये शिशुओं और बढ़ते बच्चों दोनों के लिए एक बुनियादी आवश्यकता हैं।
नगालैंड में इसके प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए, उन्होंने कहा कि जीएसटी दरों में कमी उपभोक्ताओं के लिए एक “दिवाली उपहार” है। चंदू कुमार अग्रवाल ने कहा कि दीमापुर के अधिकांश खुदरा विक्रेताओं ने पहले ही उपभोक्ताओं को इसका लाभ दे दिया है। यह सरकार के निर्णय के प्रति बाजार के सकारात्मक अनुपालन को दर्शाता है।