अक्टूबर 10, 2024 11:57 पूर्वाह्न

printer

दीपावली पर अयोध्या और देव दीपावली पर काशी में भव्य दीपोत्सव की तैयारियां शुरू

दीपावली पर अयोध्या और देव दीपावली पर काशी में भव्य दीपोत्सव की तैयारियां शुरू हो गयी हैं। अयोध्या में 25 लाख दीप प्रज्ज्वलित कर पिछले साल के विश्व कीर्तिमान को तोड़ने का लक्ष्य है। चार दिवसीय दीपोत्सव में सरयू के घाटों और राम की पौड़ी पर दीप जलाये जायेंगे। इसके लिये पर्यटन विभाग के नेतृत्व में सभी घाटों को सजाया-संवारा जा रहा है। दीपोत्सव का आरम्भ अट्ठाइस अक्टूबर से होगा और मुख्य आयोजन 30 अक्टूबर को होना है।

 

उधर, देव दीपावली पर इस बार काशी के घाटों को बारह लाख दीपों से जगमगाने की तैयारी है। विश्व प्रसिद्ध काशी की देव दीपावली पन्द्रह नवंबर को मनाई जाएगी। वाराणसी पर्यटन विभाग के उपनिदेशक आर के रावत ने बताया कि इस वर्ष वोकल फॉर लोकल के तहत काशी के घाटों पर जगमगाने वाले दीए, स्थानीय लोगों और महिला स्वयं सहायता समूहों से लिए जाएंगे।

 

इस बार हम इंटरनेशनल लेजर शो, इंटरनेशनल फायर क्रैकर शो करायेंगे। इसके अलावा 12 लाख दीपक जो घाटों पर सजेंगे। इस बार जन सहभागिता का बड़ा योगदान रहेगा, बड़ी संख्या में लोगों को शामिल करते हुए बहुत सारे एनजीओ, सोसायटी जो घाटों पर अपनी समितियां है, इसके अलावा लोगों का उसमें सहयोग रहेंगा और इस बार करीब 12 लाख दीपक होंगे, तीन लाख के आसपास गाय के गोबर के बने हुए जो श्रम सहायता समूह बनाती है उनके माध्यम से लेकर बनायेंगे।