दिल्ली सरकार ने शहर में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति को सुव्यवस्थित करने के लिए नई वितरण नीति जारी की है। यह नीति मौजूदा कमी की स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडरों के वितरण को सुनिश्चित करेगी। खाद्य, आपूर्ति और उपभोक्ता मामले के विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, शहर में रोज़ाना होने वाली औसत बिक्री का लगभग 20 प्रतिशत यानी करीब एक हज़ार आठ सौ कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर प्रतिदिन नियंत्रित वितरण के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे। दिल्ली में तीनों ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा प्रतिदिन लगभग नौ हज़ार सिलेंडरों की बिक्री होती है।
नई व्यवस्था के तहत आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता दी गई है। प्राथमिकता सूची में शैक्षणिक संस्थान, अस्पताल, रेलवे और हवाई अड्डे सबसे ऊपर रखे गए हैं। इसके बाद सरकारी और सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थानों के कैंटीन, रेस्तरां और खानपान इकाइयों को सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा होटल और आतिथ्य इकाइयों, डेयरियों, बेकरी और मिठाई की दुकानों सहित औषधि इकाइयों के साथ-साथ खेल सुविधाओं और अन्य संस्थानों को भी निर्धारित कोटे के अनुसार सिलेंडर दिए जाएंगे।