फ़रवरी 24, 2026 10:22 अपराह्न

printer

दिल्ली सरकार ने राजधानी में 6 नए आधुनिक वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन शुरू किए

दिल्‍ली सरकार ने राजधानी में 6 नए आधुनिक वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन शुरू कर दिए हैं। इसके साथ ही राजधानी में ऐसे स्टेशनों की संख्या बढ़कर 46 हो गई है, जो देश में सबसे अधिक है। दिल्‍ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि ये नए स्‍टेशन प्रदूषण के खिलाफ डेटा आधारित कार्रवाई को मजबूत करते हैं। श्री सिंह ने बताया कि इन स्‍टेशनों के द्वारा विभिन्‍न क्षेत्रों में प्रदूषण के स्‍तर की जानकारी मिलेगी, जिससे पर्यावरण की बेहतर योजना बनाने में सहायता होगी। उन्‍होंने बताया कि ये स्‍टेशन जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, इसरो अर्थ स्टेशन, दिल्ली कैंट, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी में लगाए गए हैं।

श्री सिंह ने जानकारी दी कि दिल्ली सरकार ने वायु रक्षक अभियान शुरू किया है, जिसमें 100 प्रवर्तन कर्मी तैनात किए गए हैं। उन्‍होंने बताया कि इस अभियान में 14 और नए स्टेशन लगाने की योजना भी शामिल हैं, जिससे पूरे साल प्रदूषण पर नजर रखी जा सकेगी। उन्‍होंने कहा कि यह कदम शहरी वायु गुणवत्ता प्रबंधन में राजधानी की अग्रणी भूमिका को और मजबूत करेगा।