दिल्ली सरकार ने महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक नई पहल शुरू की है।
दिल्ली परिवहन निगम – डीटीसी के माध्यम से दिल्ली की महिला निवासियों के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड (एनसीएमसी) जारी किया जा रहा है। डीटीसी के अनुसार, इस कार्ड के माध्यम से महिलाओं को डीटीसी बसों में निःशुल्क यात्रा अधिक पारदर्शी और डिजिटल प्रणाली के जरिए उपलब्ध होगी। यह पहल वन नेशन वन कार्ड की राष्ट्रीय परिकल्पना के अनुरूप है।
निगम ने बताया कि दिल्ली की पात्र महिला निवासी डीटीसी द्वारा स्थापित निर्धारित काउंटरों से यह पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड निःशुल्क प्राप्त कर सकती हैं। महिलाओं से अनुरोध किया गया है कि वे चिंता न करें और कार्ड लेने के लिए भीड़ न लगाएँ, क्योंकि इसका वितरण चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है और सभी पात्र महिलाओं को सुविधाजनक रूप से कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा।