दिल्ली सरकार ने कल वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय राजधानी में छुट्टी की घोषणा की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जानकारी दी कि अब से वाल्मीकि जयंती के अवसर पर हरेक वर्ष छुट्टी होगी। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार इस वर्ष वाल्मीकि जयंती को भव्य रूप से मनाने की तैयारी कर रही है तथा सौ से ज़्यादा संगठन इसमें सहयोग कर रहे हैं। सरकारी प्रतिनिधि विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे और समुदाय के साथ संवाद करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि कांवड़ यात्रा से लेकर रामलीला, दुर्गा पूजा और अब वाल्मीकि जयंती तक हर आयोजन को भव्यता, श्रद्धा और समर्पण के साथ मनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के अलावा इस अवसर पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री रविन्द्र इन्द्रराज सिंह, कपिल मिश्रा, विधायकगण और अनेक गणमान्यजन भी उपस्थित रहे। इस दौरान श्री मिश्रा ने बताया कि वाल्मीकि जयंती मनाने के लिए दिल्ली सरकार द्वारा 100 से अधिक जगहों पर सहायता दी गई है।