जनवरी 31, 2026 8:52 अपराह्न

printer

दिल्ली सरकार की धार्मिक पर्यटन और भजन क्लबिंग को बढ़ावा देने की दिशा में नई पहल

दिल्ली सरकार राजधानी में धार्मिक पर्यटन और भजन क्लबिंग को बढ़ावा देने की दिशा में नई पहल शुरू करने जा रही है। दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने चेन्नई में आयोजित पर्यटन शिखर सम्मेलन 2026 के दौरान कहा कि सरकार धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पर्यटन को संगठित रूप से विकसित कर दिल्ली को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

    शिखर सम्मेलन के दौरान, पर्यटन मंत्री ने बताया कि दिल्ली में धार्मिक महत्व वाले स्थलों को जोड़ते हुए विशेष धार्मिक मार्ग र्विकसित किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुव्यवस्थित मार्ग के माध्यम से दर्शन की सुविधा मिल सके। साथ ही, राजधानी के प्रमुख ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्‍थलों के आसपास आधुनिक सुविधाएं और बेहतर कनेक्टिविटी भी विकसित की जाएगी। श्री मिश्रा ने कहा कि दिल्ली अपनी सामाजिक और सांस्कृतिक विविधता के कारण एक “मिनी-भारत” की झलक देता है और लगभग बारह सौ संरक्षित स्मारक के साथ यह शहर ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक विविधता, व्यंजन और आधुनिक बुनियादी ढांचे का एक अद्भुत संगम है। श्री मिश्रा ने देश भर के पर्यटन क्षेत्र से जुडे उद्योगों को दिल्ली सरकार के साथ जुडने का आमंत्रण दिया और कहा कि दिल्‍ली सरकार राजधानी को विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की ओर अग्रसर है।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि युवाओं में ‘भजन क्लबिंग’ की सुंदर परम्परा लोकप्रिय हो रही है और प्रधानमंत्री ने भी ‘भजन-कीर्तन को भारतीय संस्कृति की आत्मा कह कर इस परम्परा की सराहना की है। इसी कड़ी में अब दिल्ली सरकार भजन क्लबिंग’ को हर उम्र और हर वर्ग में बढ़ावा देने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगी।