दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में आज बैसाखी का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के प्रमुख गुरुद्वारों श्री रकाबगंज साहिब, सीस गंज साहिब, और बंगला साहिब गुरुद्वारा में श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचे। इस पर्व पर श्रद्धालुओं ने मत्था टेकने के साथ-साथ सरोवर में डुबकी भी लगायी। इस अवसर पर उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने शहरवासियों को बैसाखी की शुभकामनाएं दी। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री सक्सेना ने कहा कि ये पर्व देश की कृषि परंपरा, सांस्कृतिक समृद्धि और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं।
वहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह पर्व नई उमंग, नई आशा और नए संकल्पों के साथ सभी को अपनी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं के महत्व को समझने और उनसे जुड़ने का सुंदर अवसर प्रदान करता है। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने ईश्वर से कामना की, कि यह पर्व सभी किसानों के जीवन में खुशियाँ, बेहतर स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए।