दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद आज दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित मुक्त, दूरस्थ, डिजिटल और मिश्रित शिक्षण में उभरती प्रवृत्तियाँ और चुनौतियाँ विषय पर प्रथम अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन के आयोजन मे शामिल हुए। इस सम्मेलन का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर योगेश सिंह ने किया।
उद्घाटन समारोह के संबोधन मे शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि भारत की विशाल युवा जनसंख्या को ऑनलाइन, दूरस्थ, डिजिटल और मिश्रित अधिगम के माध्यमों से उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना समावेशी राष्ट्रीय विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि भारत की ज्ञान साझा करने की परंपरा मुक्त शैक्षिक संसाधनों, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, स्वयं मंच, अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट और राष्ट्रीय डिजिटल विश्वविद्यालय जैसी पहलों में दिखती है।
इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान मुक्त और दूरस्थ शिक्षा संस्थानों के अंतर्राष्ट्रीय संघ की प्रथम अध्यक्षीय बैठक भी आयोजित की गई । बैठक में संसाधन साझा करने, मुक्त शैक्षिक संसाधनों के प्रोत्साहन तथा मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा विश्वविद्यालयों के माध्यम से सकल नामांकन अनुपात में वृद्धि हेतु रणनीतियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन दिल्ली विश्वविद्यालय के दूरस्थ और सतत शिक्षा विभाग, मुक्त शिक्षा विद्यालय और मुक्त शिक्षा परिसर द्वारा राष्ट्रीय मूल्यांकन तथा प्रत्यायन परिषद और ब्रिटिश परिषद के सहयोग से 31 तारीख तक आयोजित किया जा रहा है। प्रादेशिक समाचार के लिए आदित्य प्रताप सिंह।