मार्च 27, 2024 7:46 अपराह्न

printer

दिल्‍ली विधानसभा में मुख्‍यमंत्री केजरीवाल की गिरफ्तारी के मुद्दे पर हंगामा, सदन स्‍थगित

आज दिल्ली विधानसभा में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के मुद्दे पर सदन में हंगामा हुआ। सदन में विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल के आते ही आम आदमी पार्टी के विधायक सदन के बीचोंबीच आ गए और नारेबाजी की। वहीं भाजपा के विधायक भी तख्ती लेकर अपनी सीट पर खड़े दिखे। हंगामा थमता ना देख विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही पहले 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी। सदन की बैठक पुन: शुरू होने पर हंगामा फिर जारी रहा जिसे देखते हुए श्री रामनिवास गोयल ने सदन की कार्यवाही एक अप्रैल को सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। भाजपा विधायकों ने श्री केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की।

वहीं, दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी आज पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली विधानसभा प्रवेश द्वार पर प्रदर्शन किया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की।

    दिल्ली पुलिस ने विधानसभा के मुख्य द्वार को बंद कर प्रदर्शनकारियों को विधानसभा परिसर में घुसने से रोका और उन्हें बसों में भरकर तिमारपुर ले गई, जहां से चेतावनी के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।