रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज दिल्ली विधानसभा में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी और महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के तस्वीर का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘भारत माता’ नामक एक कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। यह पुस्तक राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम की रचना के एक सौ पचास वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय राष्ट्रीय चेतना की रचनात्मक और कलात्मक अभिव्यक्ति को समर्पित की गई है। इस कार्यक्रम में दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी उपस्थित रहीं।
अपने संबोधन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह न केवल इन दो महान हस्तियों के योगदान का सम्मान करने का अवसर है, बल्कि यह देश की संसदीय परंपराओं, नैतिक राजनीति और राष्ट्रवाद की भावना का सम्मान करने का भी क्षण है।
वहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सदन परिसर में स्थापित ये तस्वीर उन महान आदर्शों की जीवंत उपस्थिति हैं, जिन्होंने आधुनिक भारत के वैचारिक आधार को गढ़ा है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी और महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की तपस्या और विचारधारा सुशासन के मार्ग को सदैव आलोकित करती रहेगी।