अप्रैल 1, 2024 6:07 अपराह्न

printer

दिल्ली विधानसभा में आज एक दिवसीय विशेष सत्र का आयोजन किया गया

 

दिल्ली विधानसभा में आज एक दिवसीय विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान आम आदमी पार्टी के विधायकों ने कथित आबकारी नीति घोटाले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को अवैध बताया। सदन में चर्चा के दौरान आम आदमी पार्टी विधायक रितुराज गोविंद ने कहा कि श्री केजरीवाल को झूठे मुकदमे में फंसाया गया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया कि श्री केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद भाजपा दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लगाने का षड़यंत्र रच रही है।

श्री रितुराज गोविंद ने कहा कि भाजपा आम आदमी पार्टी को समाप्त करना चाहती है। उन्होंने दावा किया की परिचितों के माध्यम से उन्हें भाजपा में शामिल होने के प्रस्ताव दिये जा रहे हैं।

सदन में भाजपा के विधायक विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 15 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी ने बताया है कि मुख्यमंत्री जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। श्री गुप्ता ने सदन में मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी पर चर्चा को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि जब मामला न्यायालय में लंबित है तो ऐसे में सदन में चर्चा नहीं होनी चाहिए। श्री गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी के विधायक इस मुद्दे पर चर्चा कर, दबाव बनाने की राजनीति कर रहे हैं, जो गैरकानूनी है। आम आदमी पार्टी के विधायकों को खरीदने के प्रस्ताव पर पलटवार करते हुए श्री गुप्ता ने कहा कि, ऐसे प्रस्तावों के खिलाफ आप विधायकों को पुलिस में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि साथीगण विधायक खरीदने की बात दर्जन बार कर चुके हैं लेकिन क्या उन्होंने पुलिस में शिकायत की? श्री गुप्ता ने कहा कि शराब नीति के अनुसार दिल्ली में 849 दुकान खुलनी थी। नीति लागू होने के बाद सारी सरकारी दुकान बंद हुई। श्री गुप्ता ने कहा कि आज मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और अरविंद केजरीवाल जेल में हैं। ये शराब का घोटाला हुआ है। श्री गुप्ता ने कहा कि अन्ना आंदोलन से इस पार्टी का जन्म हुआ। आंदोलन में शराब बंदी बड़ा मुख्य मुद्दा था। लेकिन आज आम आदमी पार्टी शराब बेचकर भ्रष्टाचार कर रही है, और ऐसी नीति बना रही है कि ज़्यादा लोग शराब कैसे पियें।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला