मार्च 27, 2025 8:50 अपराह्न

printer

दिल्ली विधानसभा ने आज बजट 2025-26 ध्‍वनिमत से पारित कर दिया

दिल्ली विधानसभा ने आज बजट 2025-26 ध्‍वनिमत से पारित कर दिया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को एक लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने बजट को ऐतिहासिक बताया। इससे पहले भाजपा विधायक पूनम शर्मा ने बजट पर बहस की शुरुआत की। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने प्रश्नकाल से सदन की कार्यवाही शुरू की। प्रश्नकाल के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के महत्वपूर्ण मुद्दों जैसे सड़क, ट्रैफिक जाम, अवैध अतिक्रमण आदि पर चर्चा की। सदन की कार्यवाही बाधित करने पर विधानसभा अध्यक्ष ने आम आदमी पार्टी के विधायक विशेष रवि और कुलदीप कुमार को मार्शल के जरिए सदन से बाहर कर दिया। सदन की कार्यवाही बाधित करने पर विपक्ष के एक अन्य विधायक मुकेश कुमार अहलावत को भी सदन से बाहर कर दिया गया। इसके बाद विपक्ष की नेता आतिशी समेत विपक्षी विधायकों ने सदन से वॉकआउट किया। इससे पहले, सुश्री आतिशी ने राष्ट्रीय राजधानी में कानून व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा के लिए अध्‍यक्ष को पत्र लिखा था, लेकिन अध्‍यक्ष ने यह कहते हुए चर्चा की अनुमति नहीं दी कि सदन में चर्चा के लिए सभी मुद्दे सदन के नियमों के अनुसार हैं और विपक्ष को इसकी जानकारी है।

    इस बीच, सदन के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली परिवहन निगम के कामकाज पर कैग रिपोर्ट पर चर्चा सदन में सूचीबद्ध है। रिपोर्ट को मंगलवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सदन के पटल पर रखा।

    दिल्ली विधानसभा ने बजट सत्र को दो दिन के लिए बढ़ा दिया है। 24 मार्च से शुरू हुआ बजट सत्र अब 2 अप्रैल तक चलेगा।

 

 

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला