दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार कल शाम समाप्त हो जाएगा। राजनीतिक दलों ने मतदाताओं को पक्ष में करने के प्रयास तेज कर दिये हैं। 70 सदस्यों की विधानसभा के लिए बुधवार को मतदान होगा, वोटों की गिनती आठ फरवरी को होगी।
सभी दलों के नेता अपने उम्मीदवारों के पक्ष में रैलियां और रोड शो कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज दोपहर आर. के. पुरम में जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी नेता और केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह राजेन्द्र नगर, चांदनी चौक और लक्ष्मी नगर में रैलियां करेंगे। वरिष्ठ पार्टी नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने कल दिल्ली में कई रैलियां की। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल ने अन्ना हजारे अन्दोलन के दौरान कोई राजनीतिक दल गठित नही करने का वादा कर, लोगों को गुमराह किया। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर शराब और जल बोर्ड घोटाले सहित हजारों करोड रूपये घोटालों में शामिल होने का आरोप लगाया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी कल द्वारका में चुनाव रैली की।
कांग्रेस नेता अजय माकन आज दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सदर बाजार की एक जनसभा में दावा किया कि देश में घृणा और हिंसा तथा प्रेम और भाई-चारे की विचार धाराओं के बीच संघर्ष है। उन्होंने संविधान की रक्षा की कांग्रेस की प्रतिबद्धता दोहराई।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने चांदनी चौक में चुनाव रैली की। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोप सिद्ध नहीं कर पाने के लिए अरविंद केजरीवाल की आलोचना की। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया।
आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल ने भी कई रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने अपनी पार्टी की सरकार द्वारा दिल्ली के स्कूलों, अस्पतालों और जन सेवाओं में सुधार किए जाने का उल्लेख किया।