दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने राजधानी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अग्नि शमन विभाग के आधुनिकीकरण पर बल दिया है। आज दिल्ली सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में दिल्ली अग्नि शमन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उन्होंने अग्नि सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान श्री सूद ने आगजनी की घटनाओं की रोकथाम, आपातकालीन स्थिति से निपटने की क्षमता, अग्नि सुरक्षा योजना आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता और नए वाहनों की खरीद जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
उन्होंने विभाग के प्रतिक्रिया समय को बेहतर बनाने, आधुनिक कमांड और नियंत्रण प्रणाली विकसित करने और अधिकारियों को नई तकनीकों के अनुरूप प्रशिक्षण देने पर भी बल दिया। श्री सूद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजधानी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को तकनीक आधारित और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और शहरीकरण को ध्यान में रखते हुए आगामी 3, 15 और 25 वर्षों के लिए एक व्यापक अग्नि सुरक्षा योजना तैयार किया जाएगा।
श्री सूद ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर देते हुए दिल्ली पुलिस, डीडीए, नगर निगम और अन्य एजेंसियों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।