दिल्ली में 25 मई को होने वाले चुनाव में सभी सात लोकसभा सीटों के लिए प्रचार जोर-शोर से चल रहा है। कल प्रचार का अंतिम दिन है। भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेता अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। सभी दलों के नेता अलग-अलग इलाकों में रैलियां, रोड शो, नुक्कड़ सभाएं करके मतदाताओं को लुभाने के लिए पूरी जोर-आजमाइश कर रहे हैं। दिल्ली में एक करोड़ 52 लाख से अधिक मतदाता हैं, जिसमें से 82 लाख पुरुष और 70 लाख के करीब महिला मतदाता हैं। पहली बार, दो लाख 52 हजार से अधिक युवा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इस बार कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों मिलकर चुनाव लड रहे हैं। दिल्ली में सात लोकसभा सीटों के लिए कुल एक सौ 62 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
चांदनी चौक से कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश अग्रवाल ने आज सुबह वजीरपुर विधानसभा क्षेत्र के केशवपुरम इलाके में पदयात्रा कर लोगों से संपर्क किया और चुनाव में वोट देने की अपील की। इसी क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी प्रवीण खंडेलवाल के पक्ष में राम नगर क्षेत्र में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने रोड शो किया। पश्चिमी दिल्ली लोकसभा आद आदमी पार्टी के प्रत्याशी महाबल मिश्रा ने आज तिलक नगर विधानसभा में एक सभा को संबोधित किया।