फ़रवरी 19, 2026 7:23 अपराह्न

printer

दिल्ली में 25 नई अटल कैंटीन की शुरुआत

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज राजधानी में 25 नई अटल कैंटीन की शुरुआत की। कृष्णा नगर की नर्सरी बस्ती से डिजिटल माध्यम से इन कैंटीनों का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही दिल्ली में अटल कैंटीनों की कुल संख्या बढ़कर अब 71 हो गई है।

इस अवसर पर दिल्‍ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर लोगों, प्रवासी मजदूरों, बाहर से पढ़ने आए छात्रों, रिक्शा चालकों, सफाई कर्मचारियों, घरेलू सहायकों और मजदूरों के लिए बहुत मददगार साबित हो रही है। उपराज्यपाल ने कहा कि दिल्ली सरकार हर थाली पर जरूरतमंद लोगों को 25 रुपये की सब्सिडी देकर 5 रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्‍ध करा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अटल कैंटीन उन लोगों के लिए हैं, जो प्रतिदिन कठिन परिश्रम करते हैं। रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि जरूरतमंदों को सस्ती कीमत पर सम्मानजनक और पौष्टिक भोजन मिले। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्‍होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने जो अंत्योदय का सपना देखा था, उस पर काम करते हुए दिल्ली सरकार अपनी कोशिशों का एक साल पूरा करने वाली है।

मुख्‍यमंत्री ने बताया कि कैंटीनों में दाल, चावल, रोटी और सब्जी जैसे संतुलित भोजन परोसे जा रहे हैं। साथ ही व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु रखने के लिए डिजिटल टोकन सिस्टम और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है। रेखा गुप्‍ता ने कहा आने वाले समय में दिल्‍ली सरकार का लक्ष्य 100 अटल कैंटीन शुरू करने का है जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें। उन्‍होंने कहा कि समाज की भागीदारी बढ़ाने के लिए अटल कैंटीन का पूंजी कोष बनाने का सुझाव भी दिया गया है जिससे समाजसेवी विशेष अवसरों पर भोजन प्रायोजित कर सकें।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, और दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद भी मौजूद रहें। वहीं, दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आज माँडल टाउन के लालबाग और दिल्ली पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने करावल नगर के चौहान पट्टी बस टर्मिनल पर अटल कैंटीन का उद्घाटन किया।