दिल्ली में 14 सितम्बर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में आवेदन के लिए ऑनलाइन लिंक कल से उपलब्ध होंगे। वाहन स्वामी, दिल्ली यातायात पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, दिल्ली यातायात पुलिस और दिल्ली राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा दिल्ली के सभी जिला न्यायालयों में किया जा रहा है। इन न्यायालयों में- द्वारका, कडकडडूमा, पटियाला हाउस, रोहिणी, राउज एवेन्यू, साकेत, तीस हजारी कोर्ट शामिल हैं। राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा, जहां सभी प्रकार के व्यावसायिक और निजी वाहनों के लंबित भुगतान और यातायात चालानों का निपटान होगा।
दिल्ली यातायात पुलिस ने बताया है कि प्रत्येक लोक अदालत पीठ द्वारा एक हजार चालानों तथा नोटिसों पर सुनवाई की जाएगी। सभी कोर्ट परिसरों की कुल एक सौ अस्सी लोक अदालत में कुल एक लाख अस्सी हजार चालानों तथा नोटिसों का निपटान किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में अधिक जानकारी के लिए यातायात पुलिस के हेल्प लाइन नम्बर 0 1 1 – 2 5 8 4 4 4 4 4 और 1 0 9 5 पर संपर्क किया जा सकता है।