राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में वायु गुणवत्ता बेहद गंभीर स्थिति में पहुंच गई है। आज सुबह 7 बजे औसत वायु गुणवत्ता 492 थी। दिल्ली के इन्दिरा गांधी अतंर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे, बवाना तथा आनंद विहार में वायु गुणवत्ता 500 रही। जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में यह स्तर 493, ओखला फेज-2 में 490, एनएसआईटी द्वारका में 473 और आईटीओ में 391 दर्ज किया गया।
दिल्ली के उप-राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने वायु प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली सरकार के सभी सरकारी कार्यालयों के समय में बदलाव करने के निर्देश दिये हैं। दिल्ली नगर निगम के कार्यालय सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक और दिल्ली सरकार के कार्यालय सुबह 10 बजे से शाम 6:30 बजे तक खुले रहेंगे। यह व्यवस्था अगले साल फरवरी तक लागू रहेगी। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने घोषणा की है कि आज से दिल्ली के स्कूलों में सभी कक्षाएं ऑनलाइन आयोजित होंगी। दिल्ली विश्वविद्यालय शनिवार तक ऑनलाइन मोड में कक्षाएं संचालित करेगा।
राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में आज सुबह कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक रात और सुबह के समय धुंध और घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है।