सितम्बर 5, 2025 8:09 अपराह्न

printer

दिल्ली में यमुना का जलस्तर 207.16 मीटर, खतरे के निशान से ऊपर

राजधानी दिल्ली में आज शाम 5 बजे यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर 207 दशमलव एक-छह मीटर था। केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार राजधानी के छह जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। आयोग ने बताया है कि यमुना का जलस्तर 206 मीटर पार करने की वजह से निचले इलाकों में रहने वाले लगभग 15 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीमें प्रभावित जिलों में तैनात हैं और निचले इलाकों से लोगों को सफलतापूर्वक निकाल लिया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार सभी प्रभावित जिलों में टेंट और राहत शिविर स्थापित कर दिए गए हैं। दिल्ली जल बोर्ड, दिल्ली नगर निगम और दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड के सहयोग से भोजन, स्वच्छ पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी प्रभावितों को पहुंचाई जा रही हैं। कार्यालय ने बताया है कि नागरिकों और उनके मवेशियों को सुरक्षित स्थानों तक ले जाने के लिए विशेष दल भी तैनात हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और धैर्य बनाए रखें। उन्होंने कहा कि  सरकार, प्रशासन, एनडीआरएफ, जनप्रतिनिधि, नागरिक संस्थाएं और सामाजिक संगठन मिलकर इस चुनौती से निपट रहे हैं और शीघ्र ही स्थिति पर पूर्ण नियंत्रण पा लिया जाएगा।