दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर आज सुबह 11 बजे तक खतरे के निशान 205.33 से ऊपर 205.78 मीटर तक पहुँच गया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जलस्तर में यह वृद्धि हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण हुई है।
इस बीच, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नई दिल्ली के यमुना बाज़ार स्थित आवासीय क्षेत्र का दौरा किया। श्रीमती गुप्ता ने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है और सब कुछ नियंत्रण में है।