दिल्ली में मानसून ने आज दस्तक दे दी है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून राजधानी समेत देश के सभी हिस्सों में पंहुच गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले दो दिनों में शहर में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में आज बारिश हुई जिससे शहरवासियों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार आज का अधिकतम तापमान सामान्य से चार दशमलव चार डिग्री कम 32 दशमलव आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक दशमलव एक डिग्री कम 26 दशमलव आठ डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान बादल छाये रहने और हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। कल का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है।