दिल्ली में जारी जल मंत्री आतिशी के पानी सत्याग्रह को भाजपा ने विफल बताया है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि आम आदमी पार्टी अपने ही बनाये अनिश्चितकालीन सत्याग्रह के जाल में फंस गई है। उन्होंने कहा कि आज अनशन स्थल पर हुई मंत्रियों की बैठक से साफ है कि आम आदमी पार्टी अब सत्याग्रह को खत्म करने के बहाने ढूंढ़ रही है।
श्री सचदेवा ने कहा है कि मंत्री सौरभ भारद्वाज ने आज बताया है कि एक हजार पचास एम. जी. डी. पानी तो केवल एक करोड़ लोगों के लिए है, जबकि दिल्ली की आबादी तीन करोड़ है। उन्होंने कहा कि श्री भारद्वाज बताएं कि उनकी सरकार किस आधार पर अब तक कह रही थी कि दिल्ली में केवल सौ एम.जी.डी. की समस्या है और केवल 28 लाख लोग ही परेशान हैं।
श्री सचदेवा ने कहा है कि कैनाल के माध्यम से दिल्ली में पानी आता है, जो नियमित पानी आ रहा है। उन्होंने कहा कि यमुना नदी में गाद होने से, वजीराबाद के जल संयंत्र में पानी नहीं पहुंच पा रहा है।