केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधाऩ़, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने आज सरोजनी नगर में एक सीएम श्री स्कूल का उद्घाटन किया। सीएम श्री स्कूल योजना के तहत दिल्ली सरकार द्वारा राजधानी में 75 स्कूलों का शुभारंभ किया गया है।
इस योजना के अंतर्गत, कोडिंग कौशल और साइबर जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए 40 कंप्यूटर वाली एक आईसीटी लैब बनाई गई है। इस अवसर पर केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि यह योजना मुख्य रूप से मध्यम वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को फायदा पहुंचाएंगी। श्री प्रधान ने कहा दिल्ली देश की राजधानी है और यह पूरे देश का प्रतिनिधित्व करती है। उन्होंने कहा कि राजधानी के शिक्षा स्तर को एक राष्ट्रीय बेंचमार्क के तौर पर काम करना चाहिए।
इस दौरान, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि 75 नए सीएम श्री स्कूलों को गुणवत्ता और सुविधाओं में निजी संस्थान के बराबर मॉडल सरकारी स्कूल के तौर पर बनाया गया है। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य बच्चों को बेहतर क्लासरूम और बेहतर अवसर प्रदान करना है।
वहीं, दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि यह पहल राजधानी की शिक्षा के बुनियादी ढांचे में एक बड़ा बदलाव होगा।
बाइट- आशीष सूद (जीएनआर मेल)
इस योजना के तहत 11 स्कूलों को जोड़ने वाला एक डिजिटाइज्ड लाइब्रेरी नेटवर्क भी शुरू किया गया है। इसके अलावा, अंग्रेजी के साथ जर्मन, जापानी, फ्रेंच और स्पेनिश जैसे विदेशी भाषा के कोर्स कराने वाली भाषा प्रयोगशालाएं भी शुरू की गई हैं। प्रादेशिक समाचार के लिए आदित्य प्रताप सिंह।